Navgeet Wiki
Advertisement

पीली तितलियों से
भरा हुआ
सारा नीला गगन
हरा हुआ

तितलियाँ उतर आईं
     सरसों के खेत में
     अलग-अलग एक रंग
     सिमटे समवेत में

हर दाना सोन-सा
खरा हुआ

तितलियाँ उतर आईं
     पहाड़ी ढलान पर
     जटगी के फूल नए
     थे जहाँ उठान पर

तैल कुम्भ उनका
गहरा हुआ

तितलियाँ उतर आईं
     हल्दी की बाड़ में
     सोने की गाँठ बँधी
     एक-एक झाड़ में

परिणय का रंग
सुनहरा हुआ।

Advertisement